बारावफात की पूर्व संध्या पर लोदीपुर में सजा ईद मिलादुन्नबी का महफिल

जमानिया (गाजीपुर)। बारावफात पर्व को लेकर स्थानीय नगर क्षेत्र में धार्मिक माहौल दिखाई देखने को मिला। इसी क्रम में लोदीपुर स्थित नूरी मस्जिद के सामने मजार के पास हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बारावफात की पूर्व संध्या पर ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में जायरीनों और अकीदतमंदों ने शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान उलमा-ए-कराम ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की सीरत, उनके बताए रास्ते और इंसानियत व भाईचारे के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान नात-ए-पाक और तकरीर के माध्यम से अकीदतमंदों को नेक राह पर चलने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा समाज में अमन और सौहार्द कायम रखने का संदेश दिया गया।

आयोजकों की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे सभी जायरीनों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ की गई। बारावफात को लेकर नगर में लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में मौलाना महमूद आलम, मौलाना जुल्फिकार आलम, मौलाना जुबैर राईनी समेत अन्य उलमा-ए-कराम ने शिरकत की। देर शाम तक चले इस कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों जायरीन मौजूद रहे। धार्मिक माहौल में लोगों ने अकीदत के साथ मिलाद में हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *