जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका क्षेत्र के स्टेशन बाजार में बुधवार की सुबह हुई धुआँधार बारिश ने एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई तो वहीं दूसरी तरफ स्टेशन बाजार के रेलवे क्रासिंग फाटक, रोडवेज बस स्टैंड, ईदगाह के पास हुए जलजमाव ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी। जिसपर राहगीरों सहित स्थानीय नगरवासियों ने आदर्श नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाना शुरू कर दिया।
बुधवार की सुबह से ही स्टेशन बाजार क्षेत्र के आसमान में धूप खिली रही और करीब 9 बजे के आसपास अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और देखते ही देखते आसमान से धुआंधार बारिश होने लगा। जो दोपहर करीब 12 बजे तक बरसता रहा। करीब 3 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण स्टेशन बाजार की सड़के बारिश के पानी से डूब गई। हमेशा की तरह बारिश के पानी से सबसे ज्यादा जलजमाव रोडवेज बस स्टैंड के पास हुआ। जो बारिश बंद होने के घंटों बाद भी यथावत बना रहा।

इस दौरान टोटो वाहन, बाइक चालक, साइकिल सवार सहित पैदल राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई। जिसमें कई लोग गिरते हुए भी नजर आए। यह नजर देख राहगीरों सहित स्थानीय दुकानदार और नगरवासी आदर्श नगर पालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगे।
नगरवासियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पालिका प्रशासन हर हफ्ते नालियों की गहन साफ सफाई का कार्य कराता तो शायद इस तरह की समस्या उत्पन्न नहीं होती। नगरवासियों ने मांग किय है कि अविलंब रोडवेज बस स्टैंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण और बड़ा नाला बनवाया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से स्थाई निजात मिले।

