श्मशान घाट पर डूबे बिहार के युवक का पांचवे दिन भी नहीं लगा कोई सुराग

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के बड़ेसर श्मशान घाट पर बीते 5 सितंबर शनिवार को घाट पर स्नान के दौरान नदी में डूबे बिहार के युवक का घटना के पांचवे दिन बुधवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। जिसे लेकर पीड़ित परिवार काफी चिंतित है और लगातार उसकी तलाश में दिन रात एक किए हुए हैं। गौरतलब है कि बिहार प्रदेश के कैमूर भभुआ जनपद के रामगढ़ निवासी गणेश कुमार (18) पुत्र राजदेव प्रसाद ठठेरा शनिवार की दोपहर स्थानीय क्षेत्र के बड़ेसर श्मशान घाट पर अपने दादा राम किशन ठठेरा के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। अंतिम संस्कार के बाद दोपहर करीब 3 बजे वह घर के अन्य सदस्यों  के साथ गंगा नदी में स्नान करने लगा। इस दौरान वह घाट पर बने चबूतरे से कूद कर स्नान करने लगा और देखते ही देखते वह नदी के गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता हुआ देख लोग बचाने का प्रयास किए लेकिन गंगा के तेज धाराओं में वह सभी के आंखों के सामने ही डूब गया। पीड़ित परिजनों ने बताया कि घटना के दिन से ही लगातार गंगा नदी में गणेश की खोजबीन की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को भी ताड़ीघाट, गौसपुर, कालूपुर आदि क्षेत्र के गंगा किनारों और नदी के बीच गणेश की खोजबीन की गई, लेकिन शाम तक कोई सफलता हांथ नहीं लगी। पीड़ित परिजनों ने क्षेत्रीय लोगों से अपील किया है कि नदी में डूबे गणेश के संबंध में अगर किसी को कोई सूचना मिले तो अविलंब इसकी जानकारी पुलिस को दें।


यह देख घाट पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि नदी में डूबा युवक गणेश अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।  लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल योगेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए। वहीं तहसील प्रशासन के निर्देश पर स्थानीय गोताखोरों ने नदी में डूबे गणेश की खोजबीन में जुट गए। लेकिन काफी देर बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका। तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना जिला प्रशासन को दे दी गई है और गोताखोरों द्वारा डूबे हुए युवक की तलाश कराई जा रही है।

प्रशासन की विफलता का प्रतीक है यह हादसा

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि बड़ेसर श्मशान घाट क्षेत्र का एक प्रमुख गंगा घाट होने के कारण यहां आसपास के क्षेत्रों सहित बिहार प्रदेश के लोग भी गंगा स्नान के लिए आते हैं। जहां सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय तहसील प्रशासन द्वारा कोई इंजमाम नहीं किया गया है। इस दिनों गंगा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है ऐसे में यहां स्नान करने वाले लोगों के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता किया जाना काफी प्रासंगिक है। हालिया दिनों में जनपद में डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी है बावजूद इसके स्थानीय तहसील प्रशासन से बड़ी चूक हुई है। घटना घटित होने के बाद नींद से जगे तहसील ने बड़ेसर श्मशान घाट पर रस्सी बांध कर बैरिकेट कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *