शॉर्ट सर्किट से पांच गुमटियों में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

फायर ब्रिगेड वाहन का पानी खत्म होने से बढ़ी परेशानी; दुकानदारों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लॉक तिराहा पर सोमवार की तड़के सुबह बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट के कारण पांच लोहे की गुमटियों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में गुमटियों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदारों का आरोप है कि शुरुआत में फायर ब्रिगेड की गाड़ी का पानी खत्म हो जाने के कारण आग बुझाने में परेशानी हुई और आग और फैल गई।

जानकारी के अनुसार ब्लॉक तिराहा पर सड़क पटरी के किनारे फल की दुकान लगाने वाले फिरोज राईन की लोहे की गुमटी के ऊपर से गुजर रहा एलटी तार टूटकर गिर गया। तार गिरने के बाद गुमटी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पास स्थित रामानुज उर्फ गोपाल जायसवाल की पूजन सामग्री की दुकान, अंडा विक्रेता नसीम राईन, नाई दुकानदार इरशाद और फल विक्रेता जाफर की गुमटियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।गुमटियों से आग की तेज लपटें उठती देखकर सड़क से गुजर रहे नगर निवासी सोनू राईन ने फिरोज राईन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सभी दुकानदारों को आग लगने की सूचना मिली और वे मौके पर पहुंचे। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

गुमटियों से आग की तेज लपटें उठती देखकर सड़क से गुजर रहे नगर निवासी सोनू राईन ने फिरोज राईन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सभी दुकानदारों को आग लगने की सूचना मिली और वे मौके पर पहुंचे। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पांचों गुमटियों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग इतनी भीषण थी कि लोहे की गुमटियों के शटर का स्प्रिंग तक गल गया, जिससे उनके आगे के दरवाजे नहीं खुल सके। इसके बाद दुकानदारों ने पीछे की ओर से गुमटियों को तोड़कर अंदर जले हुए सामान को बाहर निकाला।

पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि गुमटियों के ऊपर से गुजर रहा एबीसी कंडक्टर वायर काफी नीचे और लटकता हुआ था तथा पेड़ों के बीच से होकर गुजरा था। उनका कहना है कि कई बार विभागीय कर्मचारियों से तार को ऊंचा कराने की मांग की गई, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

दुकानदारों का आरोप है कि घटिया केबल होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और तार टूटकर गुमटी पर गिर गया, जिससे आग लगी। दुकानदारों के अनुसार घटना की जानकारी पावर हाउस के कर्मचारियों और अधिकारियों को दी गई, लेकिन समय रहते कोई मौके पर नहीं पहुंचा। उनका आरोप है कि बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण आग से लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

घटना से नाराज दुकानदारों ने बिजली विभाग के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि आग में उनकी दुकानों के साथ-साथ आजीविका का मुख्य साधन भी छिन गया है। उन्होंने विभाग से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित दुकानदारों से जानकारी ली। वहीं हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर अगलगी से हुए नुकसान का आकलन किया। दुकानदारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *