डीआरएम के औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में मची खलबली

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के रेल कर्मचारियों में शुक्रवार की दोपहर उस वक्त खलबली मच गई जब दानापुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद कुमार अचानक स्टेशन के पैनल रुम में धमक पड़े और वहां व्याप्त अव्यवस्था को देख कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह के विंडो निरीक्षण के दौरान डीआरएम विनोद कुमार उनके साथ डीडीयू जंक्शन गए हुए थे। जहां उन्हें छोड़ कर वापस लौटते समय डाउन लाइन पर आगे मालगाड़ी के गुजरने के कारण दोपहर करीब 12:30 बजे स्थानीय स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक स्थित पैनल रुम में अचानक पहुंच गए और औचक निरीक्षण करने लगे।

इस दौरान उन्होंने पैनल रुम में बिखरे हुए तार तथा दीवाल की खराब स्थिति व गंदगी को देख कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इस पर उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्थिति में सुधार लाने की चेतावनी देते हुए कड़े निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत चयनित दिलदारनगर स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यों व निर्माण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन प्लेटफार्म के पास गंदगी देख नाराजगी व्यक्त की तथा ब्रिज मेंटिनेंस आदि कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीआरएम के निरीक्षण के दौरान स्टेशन के रेल कर्मचारियों में खलबली मची रही।

उक्त मौके पर सीनियर डीएन कॉर्डिनेटर आलोक कुमार, सीनियर डीएनई पुष्कर कुमार, सीनियर डीएन तृतीय उत्पलकांत, सीनियर डीओएम सुधांशु रंजन, सीनियर डीएसटीई रजनीश कुमार, यातायात निरीक्षक संजय प्रसाद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *