जमानियां (गाजीपुर)। एस एस देव पब्लिक स्कूल हेतिमपुर के दो छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के कक्षा 11 (कॉमर्स) के छात्र एम.डी. साहिल ने गुजरात में आयोजित 4वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। अपनी इस उपलब्धि के आधार पर साहिल का चयन आगामी विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। जिससे परिजनों सहित विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
वहीं, विद्यालय के ही छात्र हरिओम कुमार गुप्ता, पुत्र दिलीप कुमार गुप्ता, ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित 13वीं ओपन राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर विद्यालय व जनपद का गौरव बढ़ाया।
दोनों छात्रों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा एवं प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा ने उन्हें स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रबंधक श्री कुशवाहा ने कहा कि छात्रों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और कड़ी मेहनत, अनुशासन व आत्मविश्वास से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।
वहीं प्रधानाचार्या श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित करता है और उन्हें विश्वास है कि दोनों छात्र भविष्य में विश्व स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने दोनों प्रतिभाशाली छात्रों, उनके अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

