जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर लाठियां गांव से आगे सड़क किनारे बुद्धवार की रात एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान में जुट गई। गुरुवार को मृतक की पहचान स्टेशन बाजार के काशी कन्नौजिया के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार बुद्धवार की रात कुछ ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक अज्ञात वृद्ध का शव देखा और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की उम्र करीब 75 वर्ष था और वह सफेद रंग की टी शर्ट और सफेद पायजामा पहने हुआ था। लोगों ने आशंका व्यक्त किया कि शायद लू लगने से वृद्ध की मौत हुई होगी। मौके पर पहुँची पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुट गई।
तभी गुरुवार की दोहपर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुँची बेटी मधु व बहु सोनी देवी ने मृतक की पहचान स्टेशन बाजार के वार्ड नं 10 निवासी काशी कन्नौजिया (75) के रूप में की। मृतक की बहू सोनी देवी ने बताया कि उनके ससुर काशी कन्नौजिया 16 अप्रैल की तड़के सुबह से ही घर से गायब थे। जिनकी तलाश की जा रही थी। इनके न मिलने पर आज कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने आये थे। जहां पुलिसकर्मियों ने पहचान के लिए एक अज्ञात वृद्ध का शव दिखाया। जो मेरे ससुर का शव था।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों ने शव की पहचान कर ली है, आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










