जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र सब्बलपुर कला गांव में बीते 25/26 जुलाई की रात हुई बाइक मैकेनिक विजय उर्फ भोला बिंद हत्याकांड का खुलासा कोतवाली पुलिस ने बुधवार को कर दिया। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल एक बाल अपचारी सहित तीन अभियुक्तों को आलाकत्ल दो चाकू, एक मोटरसाइकिल, खून से सना दो शर्ट व एक मोबाइल के साथ गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। वहीं इस घटना में शामिल एक वांछित अभियुक्त अभी पुलिस की पहुंच से दूर है।
कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि बुधवार की रात पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में घूम रही थी तभी मुखबिर की सूचना पर रात करीब 3 बजे भैदपुर से बहादुरपुर जाने वाली नहर सड़क के पास से घटना के वांछित अभियुक्त विशाल पासी (21) पुत्र रामकवल राम निवासी परमेश्वरपुर टोकवा, अंश सिंह (24) पुत्र धर्मेंद्र सिंह उर्फ दारा यादव निवासी हरपुर जमानियां तथा एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया। इस घटना में शामिल एक अन्य अभियुक्त अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
मान सम्मान बचाने के लिए माशूका के भाइयों ने भोला बिंद को लगाया ठिकाना –
पुलिस द्वारा किए गए खुलासे के मुताबिक कसेरा पोखरा गांव निवासी मृतक विजय उर्फ भोला बिंद का तीन चार वर्षों से एक विवाहिता से प्रेम संबंध चल रहा था। जिसे लेकर प्रेमिका के परिजन प्रायः भोला का विरोध किया करते थे। लेकिन भोला नहीं मानता था।
अभी घटना से कुछ दिन पूर्व ही भोला ने अपनी प्रेमिका के अश्लील फोटो वीडियो उसके भाई के मोबाइल फोन पर भेजकर वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी और कहा कि अभी उसके पास कई और फोटो विडियो है जिसे वह वायरल कर देगा।
इसी बात से खुन्नस खाए प्रेमिका के भाइयों ने भोला बिंद को ठिकाने लगाने की ठान ली और 25/26 जुलाई की रात सब्बलपुर कला गांव स्थित ननिहाल में चाकू गोद कर भोला बिंद को मौत के घाट उतार दिया।
घटना को अंजाम देने से पहले माशूका के परिजनों ने गंभीर अंजाम भुगतने की दी थी धमकी –
मृतक की मां निर्मला देवी ने घटना वाले दिन आरोप लगाते हुए बताया था कि प्रेमिका के परिजनों ने घटना से करीब 3 दिन पहले फोन कर उन्हें धमकी दिया कि अपने बेटे विजय उर्फ भोला बिंद को समझा दो वर्ना उसे गंभीर अंजाम भुगतने पड़ेंगे। इसे लेकर कुछ लोगों ने सब्बलपुर कला में रह रहे भोला के घर की रेकी भी की थी। आखिरकार तीन दिन बाद 25/26 जुलाई की रात उसे मौत के घाट उतार ही दिया।

