प्रेम प्रसंग में बाइक मैकेनिक की गला काट कर निर्मम हत्या

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कला गांव में रविवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर में सो रहे एक बाइक मैकेनिक की गला काटकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गयी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश में जुट गई।

बताया जा रहा है कि कसेरा पोखरा गांव के रहने वाले भरत बिंद का तीसरा पुत्र भोला बिंद उर्फ विजय (26 वर्ष) भैदपुर में बाइक मैकेनिक का काम करता था। प्रतिदिन रात में सोने के लिए अपने ननिहाल सब्बलपुर कला गांव चला जाता था। रविवार की सुबह भोला के मौसा शिवकरन बिंद भोला के घर का दरवाजा खुला देख दाढ़ी बनाने के लिए रेजर, सेविंग क्रीम लेने चले गए, जैसे ही उन्होंने भोला को आवाज देते हुए घर मे प्रवेश किया, भोला का शव लहूलुहान हालत में चारपाई पर पड़ा हुआ देख सन्न हो गए। भोला के गले में चाकू फंसा हुआ और पेट में चाकू घोपने का निशान था।

फाइल फोटो : भोला बिंद उर्फ विजय (मृतक)

यह देख वे चीखते चिल्लाते हुए घर से बाहर निकले और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पहुँचे सीओ अंकित तिवारी और कोतवाल राम साजन नागर घटनास्थल की छानबीन में जुट गए।

मृतक की माँ निर्मला देवी ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पुत्र भोला का कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव की लड़की से प्रेम संबंध चल रहा था। जिसे लेकर लड़की के घर वालों ने तीन दिन पहले भोला का हाल बुरा करने की धमकी दी और घटना को अंजाम देने से पहले कुछ लोगों ने घर का वीडियो भी बनाया था। वारदात को अंजाम देने के लिए पीछे से दीवाल फांदकर कर 25/26 जुलाई की रात भोला की निर्मम तरीके से हत्या कर दी।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि एफ एस एल टीम व पुलिस टीम द्वारा साक्ष्य जुटाया गया है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *