जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय हिन्दू पी जी कालेज के राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अखिलेश कुमार जायसवाल को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिल्ली में ‘टी एन चतुर्वेदी अवार्ड’ से सम्मानित किया है। जिससे महाविद्यालय प्रशासन में हर्ष व्याप्त है।
भारतीय लोक प्रशासन संस्थान नई दिल्ली में बीते 31 अक्टूबर को ‘टी एन चतुर्वेदी पुरस्कार’ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें हिन्दू पी जी कालेज के राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अखिलेश कुमार जायसवाल को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह एवं भारतीय लोक प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली के निदेशक एस एन त्रिपाठी की उपस्थिति में ‘टी एन चतुर्वेदी अवार्ड’ से सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अखिलेश कुमार जायसवाल के इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्रशासन में हर्ष व्याप्त है।

बता दें कि असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अखिलेश कुमार जायसवाल को यह पुरस्कार उनके द्वारा लिखे गये लेख ‘भारतीय शासन प्रशासन में जन भागीदारी एवं सोशल मीडिया’ को लोक प्रशासन पत्रिका 2022 में प्रकाशित बेस्ट आर्टिकल के रूप में चुने जाने पर दिया गया।
उपराष्ट्रपति द्वारा सम्मानित होने व अपनी इस उपलब्धि पर डॉ. अखिलेश कुमार जायसवाल ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह एवं भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता ज्ञापित किया है। साथ ही अपने परिवार, मित्र एवं महाविद्यालय परिवार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।