इंस्टाग्राम पर पिस्टल लहराना पड़ा भारी, पिस्टल व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

जमानियां (गाजीपुर)। सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर अवैध पिस्टल लहराना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान कर सोमवार की रात देशी पिस्टल व दो कारतूस के साथ उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई में जुट गई। स्टेशन बाजार चौकी प्रभारी अश्विनी प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर एक युवक द्वारा पिस्टल लहराने का एक वीडियो वायरल हुआ था।

जिसका संज्ञान लेते हुए सोमवार की रात वह अपने हमराहियों के साथ आरोपी युवक की तलाश में क्षेत्र में निकले थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि इंस्टाग्राम पर अवैध पिस्टल लहराने वाला युवक चौधरी चरण सिंह पम्प कैनाल के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी  पिस्टल, दो जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार किए गए युवक ने अपना नाम 21 वर्षीय अमित यादव पुत्र सुदर्शन यादव निवासी ताजपुर मांझा जमानियां बताया। जिसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *