जुआ खेलने में ग्राम प्रधान पर गोली चलाने का आरोप, गोली लगने से दो युवक घायल

गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव स्थित पासीपुरवा में सोमवार की देर रात जुआ खेलने के दौरान गोली चलने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

पुलिस को मिली सूचना के अनुसार रात करीब 10:30 बजे मोहांव गांव के पासीपुरवा में तालाब के किनारे लगभग 8 से 10 लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ग्राम सभा बकराबाद के प्रधान संजय बिन्द पुत्र फिरंगी अपने दो-तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और जुआ खेलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान संजय बिन्द ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर गोली चला दी।

गोली लगने से सुरेंद्र पुत्र बिरजू राम के दाहिने हाथ में तथा अजय कुमार पुत्र ओमप्रकाश के पेट के बाईं तरफ गोली लगी। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गई। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा जिला अस्पताल पहुंचकर घायल युवकों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े होने लगे हैं, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *