जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के बरुईन मोड़ स्थित एक हॉस्पिटल से खेलते समय रविवार की सुबह लापता हुई बच्ची को मिशन शक्ति पुलिस टीम व रेलवे स्टेशन चौकी पुलिस ने कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
स्टेशन चौकी प्रभारी अश्विनी प्रताप सिंह ने बताया कि बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के देवहलिया गांव निवासी अजय चौहान अपनी 3 वर्षीय पुत्री का इलाज कराने बरूईन मोड़ स्थित एक हॉस्पिटल आए थे। इसी दौरान उनकी बच्ची खेलते-खेलते लापता हो गई। खोजबीन करके थक चुके पिता अजय ने घटना की सूचना देकर पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। कुछ घंटे में ही खोजबीन के दौरान बच्ची जमानियां रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर ली गई। जिसके बाद लापता हुई बच्ची को उसके पिता अजय चौहान को सुपुर्द कर दिया।
बच्ची को सकुशल पाकर पिता अजय के खुशी का ठिकाना न रहा और उसने पुलिस टीम की मानवीय संवेदना की भूरी भूरी सराहना की। इस कार्रवाई में रेलवे स्टेशन चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह व महिला आरक्षी पूजा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








