जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लॉक सभागार में दीन दयाल अंत्योदय योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ब्लाक इकाई जमानियां का मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन प्रभारी जिलाधिकारी/ मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में सम्पन्न किया गया।
कार्यक्रम में आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने विषयक जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्टाल पर लगाए गए विभिन्न प्रकार के उत्पादों की खरीदारी, ब्लाक परिसर में वृक्षारोपण तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व नन्हे बालकों के अन्नप्राशन की रश्म अदायगी करके की।

तत्पश्चात सभागार में उपस्थित समूह की महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा समूह के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र को लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने का आह्वान किया गया। इस दौरान समूह की महिलाओं को अपनी आय बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं व योजनाओं को भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला में सीडीओ से संवाद के दौरान समूह की महिलाओं ने अपनी प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए परिचय पत्र (आई कार्ड), ड्रेस तथा मानदेय बढ़ाये जाने की पुरजोर मांग की। बैंक कर्मचारियों को केसिस व अन्य योजनाओं के लिए ऋण देने में देर या लापरवाही न बरतने के लिए निर्देशित किया गया।
सीडीओ आलोक प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ना है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र परिवारों का सर्वे कर उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उक्त मौके पर डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, एसडीएम मनोज कुमार पाठक, बीडीओ महेंद्र प्रताप यादव, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा सहित बाल विकास परियोजना विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पशु विभाग, बैंक, कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

