जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उर्फ सलेमपुर गांव में बीते 25 अगस्त को गांव के गली को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान घायल 72 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। वृद्ध की मौत के बाद परिजनों ने गांव के करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक 25 अगस्त मंगलवार को रामपुर उर्फ सलेमपुर गांव निवासी सुदर्शन बिंद के परिजनों व गांव के ही कुछ लोगों के बीच गली के विवाद को लेकर गाली-गलौज हो गया और विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई, जिसमें सुदर्शन बिंद (72) घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था, इसी बीच रविवार को घर पर ही उनकी मौत हो गई।

वृद्ध की मौत के बाद परिजन रविवार की शाम शव का अंतिम संस्कार करने के लिए जमानियां कस्बा स्थित बलुआ घाट पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां फिर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद मृतक के पुत्र बाबू राम ने पुलिस अधीक्षक को फोन कर घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में उपनिरीक्षक अजय कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वृद्ध की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








