जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार में हो रहे बार बार बिजली फाल्ट ने नगरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। इस प्रचंड गर्मी में जर्जर तार से हो रहे फाल्ट के कारण उपभोक्ताओं को 24 घंटे में केवल 8 से 10 घंटे तक ही बिजली मिल पा रहा है। बाकी के अन्य घंटे बिजली कटौती और लोकल फाल्ट में चला जा रहा है। जिसका खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है।
तपती गर्मी में दिन में तो किसी तरह लोग काम चला ले रहे हैं, लेकिन रात के पहर में फ्यूज उड़ने, जर्जर तार टूटने, और लो वोल्टेज की समस्या से गर्मी और उमस से लोगों की बेचैनी बढ़ जा रही है। वहीं पर्याप्त बिजली न मिलने से इनवर्टर बैट्री बैठ जा रहा है।
नगरवासियों का आरोप है कि रात 11 बजे के बाद अगर बिजली फाल्ट हो जाए तो अधिकारी या संबंधित बिजलीकर्मी या तो फोन नहीं उठाते या उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो जाता है, जिसके कारण लोगों को अंधेरे और गर्मी के बीच पूरी रात जागकर रात गुजारना पड़ता है। ऐसे में खासकर महिलाएं, बच्चे, बूढ़े और मरीजों को काफी परेशानी हो रही है।
इस संबंध में अवर अभियंता संजीत कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक होने के कारण फ्यूज उड़ने या तार टूटने की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिसका समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

