संवाद सूत्र – ईशा नियाजी
जमानियां (गाजीपुर)। दानापुर डीडीयू रेलखंड अंतर्गत स्थानीय बाईपास रेल फाटक संख्या 88ए पर रेल पथ विभाग द्वारा रविवार की देर रात रेल पटरी पर री-रबराईज्ड पैकिंग का कार्य किया गया। इस कारण एनएच 24 पर फाटक के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
दिलीप कुमार, वरीय प्रशाखा अभियंता (सेक्शन इंजीनियर) दिलदारनगर ने बताया कि 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की क्षमता वाले इस ट्रैक के सुदृढ़ीकरण के लिए समपार रेल फाटक संख्या 88 ए पर रेल पटरी के बीच एनएच 24 से होकर आने जाने वाले वाहनों के लिए लगाए गए रबड़ पैड को हटाकर ट्रैक की साफ सफाई का कार्य किया गया और पुनः री-रबराईज्ड पैकिंग का कार्य किया गया। इसके लिए 25 मई की रात 2 बज कर 50 मिनट से 3 बजकर 50 तक रेल पटरी पर ब्लॉक लिया गया था।
ब्लॉक शुरू होने से करीब आधा घंटा पहले और ब्लॉक समाप्त होने के करीब आधा घंटा बाद आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि इस दौरान वाहनों के आवागमन के लिए आधा रास्ता दिया गया था, जिससे वाहनों के आवागमन पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा, कार्य समाप्त होने के पश्चात रेल फाटक पर वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बहाल हुआ।










