बरुइन में विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप, जिलाधिकारी से जांच की मांग

जमानियां (गाजीपुर)। ग्राम पंचायत बरुइन में वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक कराए गए विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और धनउगाही के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीण पंकज उपाध्याय ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान, उनके पति, पूर्व ग्राम पंचायत सचिव प्रदीप कुमार यादव और वर्तमान सचिव लव सिंह पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, कायाकल्प, अमृत सरोवर, तालाब सुंदरीकरण, सीसी रोड व नाली निर्माण जैसी योजनाओं में अपात्र व्यक्तियों को लाभ दिया गया और मानकविहीन कार्य कर सरकारी धन की बंदरबांट की गई। आरोप है कि कई कार्यों में एक ही मद से कई बार भुगतान दिखाकर फर्जी तरीके से धन निकासी की गई, जबकि स्थल पर कार्य नहीं हुए।

पंकज उपाध्याय का कहना है कि इस संबंध में खंड विकास अधिकारी जमानियां, जिला पंचायत राज अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को पहले भी लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी स्तर पर जांच नहीं की गई है।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि ग्राम पंचायत बरुइन में हुए सभी विकास कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध रूप से प्राप्त धनराशि की रिकवरी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *