सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के देवल गांव स्थित कीनाराम बाबा मठ पर अघोर पंथ के संत बाबा कीनाराम का 427वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भोजपुरी लोकगीत कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से देर रात तक दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर मौजूद लोग जमकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने बाबा कीनाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद लोकगीत कार्यक्रम का सिलसिला शुरू हुआ। भोजपुरी लोकगीत कलाकार आर्यन बाबू, बबीता किन्नर, मोनू सिंह, हीरा हसमुख, राजू मस्ताना, सुनीता मौर्या गाजीपुरी और सचिन शर्मिला ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया।
लोकगीतों की धुन पर दर्शक देर रात तक तालियां बजाते और झूमते रहे। वहीं अंजली डांसर समेत अन्य नृत्य कलाकारों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। गायकों और डांस कलाकारों की जुगलबंदी ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।

बताया गया कि बाबा कीनाराम के 427वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में देवल गांव स्थित मठ परिसर में इस सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पहुंचकर लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
इस मौके पर समाजसेवी विपुल सिंह, ग्राम प्रधान नरेंद्र प्रताप सिंह, सन्नी सिंह, मृत्युंजय उपाध्याय, सोनू गुप्ता, रिंकू सिंह, सोनू सिंह, नारायण सिंह, भानु प्रताप सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।








