जमानियां (गाजीपुर)। राजकीय बालिका इंटर कालेज के पास स्थित शिला फलकम पर नगर पालिका प्रशासन ने क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व वीर शहीदों के परिजनों का माल्यार्पण करके व उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
आजादी का अमृत महोत्सव के समापन के क्रम में ‘मेरी माटी- मेरा देश’ व ‘माटी का नमन, वीरों का वंदन’ कार्यक्रम के तहत नगर पालिका परिषद द्वारा क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने के लिए मंगलवार की दोपहर राजकीय बालिका इंटर कालेज के पास स्थित शिला फलकम पर सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शिला फलकम पर अंकित अमर शहीदों के नाम पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। तत्पश्चात क्षेत्र के 11 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व देश के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वीर शहीदों के परिजनों का माल्यार्पण व अंगवस्त्र देकर उन्हें सम्मानित किया गया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान करके मैं अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं सौभाग्यशाली हूँ कि आज मुझे अपने क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने का अवसर मिला।

वहीं अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी ने कहा कि शहीदों की याद में “मेरी माटी-मेरा देश” एक महत्वपूर्ण अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व वीर शहीदों के स्मृति में हर ब्लाक, नगर पालिका व नगर पंचायत में शिला फलकम का निर्माण कराया गया है। जिसपर अंकित संबंधित क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व अमर शहीदों का नाम, आने वाली पीढ़ी व युवाओं को उनकी वीरता की याद दिलाएगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पंच प्रण की शपथ दिलाई गई। उक्त मौके पर पप्पू राय, सभासद शाहिद नियाजी, राहुल वर्मा, शिवबचन यादव, अहमद अली, रोहित शर्मा, उमराव यादव सहित नगर पालिका कर्मी मौजूद रहे।
इन अमर शहीदों के परिवार जनों का हुआ सम्मान
स्वर्गीय अकलु यादव, स्व. चंद्रिका चौबे, स्व. हनुमान प्रसाद वर्मा, स्व. दीपक यादव, स्व. अहमद खान, स्व. जग्गू राम, स्व. झुंनि मास्टर, स्व. कालिका प्रसाद, स्व. विंदेश्वरी शर्मा, स्व. गोवर्धन प्रसाद वर्मा, स्व. जमुना प्रसाद जायसवाल।










