दिलदारनगर (गाजीपुर)। देवल गांव स्थित बाबा कीनाराम मठ पर शुक्रवार को अघोराचार्य बाबा कीनाराम का 426वां जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बाबा के धूनी स्थल पर पूजन-अर्चन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम के दौरान क्रीं कुंड वाराणसी के पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी महाराज ने मठ परिसर में स्थापित बाबा कीनाराम की प्रतिमा का अघोर परंपरा अनुसार पूजन-अर्चन कर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इस दौरान “हर-हर महादेव” और “बाबा कीनाराम अमर रहें” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के गांवों, नगर क्षेत्र तथा बिहार से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और प्रसाद ग्रहण कर निहाल हुए।
शाम को मठ परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें भक्त भक्ति गीतों की सुर लहरियों पर झूमते नजर आए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ओमप्रकाश सिंह सहित नरेंद्र प्रताप सिंह, सन्नी सिंह, रविकांत सिंह, रंगनाथ सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।










