जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के जमानियां धरम्मरपुर गंगा पुल से शुक्रवार की दोपहर एक युवती द्वारा गंगा नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। मछुआरों ने युवती को डूबने से बचाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे कुछ राहगीरों ने करीब 22 वर्षीय एक युवती को गंगा पुल से नदी में छलांग लगते हुए देखा। जिसके बाद वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं नदी में छलांग लगाने की आवाज सुनकर नदी में मौजूद मछुआरों ने युवती को डूबता हुआ देख तत्परता से उसे गहरे पानी से बाहर निकाल लिया और स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। सूचना पर पीएचसी पहुँची पुलिस ने घटना की जानकारी युवती के परिजनों को दी। इसके बाद युवती की हालत नाजुक होने पर उसे परिजनों के साथ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।










