डंपर की टक्कर से घायल युवक ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम

जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के लहुआर रोड स्थित महारानी माता मंदिर के पास सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक सड़क हादसे में घायल 19 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान उमरगंज नई बस्ती निवासी नीतीश कुमार पुत्र संजय राम के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक नीतीश सोमवार की दोपहर लहुआर ईंट भट्ठे से खाना खाने के लिए बाइक से अपने घर जा रहा था, तभी लहुआर स्थित मुन्ना राय के भट्ठे से मिट्टी गिराकर उमरगंज की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने नीतीश की बाइक को पीछे से टक्कर मार दिया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानियां में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान शाम करीब 7:30 बजे उसकी मौत हो गई।

नीतीश की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्य करता था।

पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर डंपर मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *