साधन सहकारी समिति को खोलने के लिए एसडीएम को सौंपा पत्रक

जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के ताजपुर मांझा स्थित साधन सहकारी समिति के वर्ष 2018 से बंद पड़े होने पर किसानों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य बसंत सिंह यादव ने बुधवार को उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक को पत्र सौंप कर समिति को तत्काल चालू कराने की मांग की है।

पत्रक के माध्यम बसंत सिंह यादव ने बताया कि समिति को चालू कराने के लिए 18 सितंबर 2025 को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता गाजीपुर तथा 24 सितंबर 2025 को उपजिलाधिकारी जमानियां को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन नौ माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र के किसानों को खाद समेत अन्य सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि खरीफ फसल की बुआई से पहले यदि एक सप्ताह के भीतर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो वे सामूहिक रूप से ताजपुर मांझा समिति के सामने धरना देने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *