गाजीपुर। कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 534 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत पुलिस ने 1.03 करोड़ रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा और उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाठक पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने सेमरा हाईवे स्थित एनएच-31 के बस स्टैंड के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 534 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साहुल यादव (20) पुत्र वकील यादव, निवासी भनदहा कला, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी और रवि राजभर (22) पुत्र नागेन्द्र राजभर, निवासी कौला जखनिया, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 40 हजार रुपये है। इसके अलावा आरोपितों के कब्जे से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।मामले में कोतवाली थाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उक्त मामले में दोनों आरोपितों को विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा, उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाठक तथा थाना कोतवाली की पुलिस टीम शामिल रही।








