जमानियां (गाजीपुर)। प्रशासनिक आदेश के बाद भी कांशीराम शहरी आवास के पास कूड़ा फेकना स्थानीय नगर पालिका प्रशासन को भारी पड़ गया। लेखपाल विनीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार, सफाईकर्मी रमेश राम व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक स्टेशन बाजार क्षेत्र के कांशीराम शहरी आवास के पास काफी लंबे समय से नगर पालिका द्वारा नगर क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े को फेंका जाता है। जो अब कूड़े के टीले में बदल चुका है। वर्तमान स्थिति यह है कि आवास के पास एकत्रित कूड़े से भीषड़ दुर्गंध उठता है। जिससे न केवल संक्रमण का खतरा बना हुआ है, बल्कि आवास में रहने वाले लोगों का जीना दूभर हो गया है।
इसी बात से नाराज लोगों ने बीते मंगलवार को नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और लामबंद होकर तहसील परिसर में नारेबाजी की। इस दौरान आवास में रहने वाले नूर मोहम्मद, नागेन्द्र राम, सोनी व ऊषा देवी ने एसडीएम को पत्रक सौंप कर इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
अगले दिन बुधवार को एसडीएम निधि व तहसीलदार जीतेंद्र कुमार कांशीराम आवास पर पहुंच कर स्थलीय निरीक्षण किया और लेखपाल विनीत सिंह को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया तथा तहसीलदार व राजस्व निरीक्षक ने नगर पालिका प्रशासन को आवास के पास कूड़ा फेकने से मना कर दिया। लेखपाल की जांच में मना करने के बाद भी कूड़ा फेकना पाया गया।
तत्पश्चात तहसील प्रशासन के निर्देश पर लेखपाल ने नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, सफाईकर्मी व अन्य के खिलाफ तहरीर देकर स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रशासनिक अधिकारी द्वारा दिए गए आदेश की अवहेलना, लापरवाही पूर्वक जानलेवा बीमारी का संक्रमण फैलाने वाले कृत्य व जानबूझ कर जीवन के लिए खतरनाक बीमारी का संक्रमण फैलाने की संभावना के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया।
इस संबंध में कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।








