एनएच-24 किनारे तीन दिन से पड़ा खच्चर का शव, दुर्गंध से राहगीर परेशान

जमानियां (गाजीपुर) एनएच-24 जमानियां-सैयदराजा मार्ग पर बड़ेसर श्मशान घाट के पास करीब तीन दिनों से खच्चर का शव पड़ा होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है।

प्रतिदिन आवागमन करने वाले पंकज निगम, वार्ड सभासद रजनीकांत उपाध्याय, जितेंद्र चौधरी, मु. ईशा और एजाज ने बताया कि करीब चार दिन पहले खच्चर घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा था, जिसकी अगले दिन मौत हो गई। अब शव फूलने से उससे तेज दुर्गंध उठ रही है। आसपास से गुजरने वाले लोगों को नाक बंद कर आवागमन करना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि शव के सड़ने से आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है और संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। राहगीरों ने संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए मृत खच्चर के शव को अविलंब हटवा कर इस समस्या के निस्तारण की मांग की है।