दिलदारनगर (गाज़ीपुर)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ गाजीपुर और दिलदारनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रात एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 458 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल किया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को एएनटीएफ गाजीपुर के उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख और दिलदारनगर थाने के उपनिरीक्षक राजित राम यादव पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर बहुअरा मोड़ के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मो. अकलीम खां (29) पुत्र स्व. मो. मंसूर खां निवासी बहुअरा, थाना दिलदारनगर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से 458 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।








