बाढ़ जनित बीमारियों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सेमरा-शेरपुर में पहुंचीं मेडिकल टीम

मुहम्मदाबाद (गाज़ीपुर)। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद की टीमों ने संवेदनशील और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं तेज कर दी हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशीष राय के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने सेमरा और शेरपुर समेत आस पास के क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों की जांच कर उपचार किया और आवश्यक दवाएं वितरित की।

स्वास्थ्य टीमों ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान फैलने वाली मौसमी बीमारियों और संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया। लोगों को बुखार, सर्दी-जुकाम, त्वचा संबंधी समस्याओं सहित अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई। साथ ही स्वच्छ पानी का सेवन करने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूषित पानी से बचने की सलाह दी गई।



दो मोबाइल और तीन स्टेटिक टीमें तैनात

बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है। क्षेत्र में दो मोबाइल मेडिकल टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं, जबकि तीन टीमें स्टेटिक रूप से तैनात रहकर मरीजों की जांच और उपचार कर रही हैं। विभाग की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों पर विशेष नजर

ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच के साथ ही हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद से जोड़ा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। बच्चों के टीकाकरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य टीमों के अभियान के दौरान कुल 583 मरीजों का उपचार किया गया। बाढ़ की संभावित स्थिति के बीच स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ ही बीमारी से बचाव को लेकर भी जागरूकता बढ़ रही है।

अभियान में डॉ. असगर अली, फार्मासिस्ट जितेंद्र यादव, एआरओ वैभव कुमार, राजकुमार, एएनएम अर्चना बाला, सुनीता, सरोज, आशा संगिनी निर्मला राय, नंदनी राय और आशा पूनम सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *