जमानियां(ग़ाज़ीपुर) गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानियां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुमशुदा मोबाइलों की तलाशी अभियान चलाया और गुम हुए 8 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की। इसके बाद मंगलवार को संबंधित मोबाइल स्वामियों को कोतवाली बुलाकर उनका खोया हुआ मोबाइल फोन उन्हें सौंप दिया।
बरामद मोबाइलों में आईफोन, रेडमी, वीवो, रियलमी, वनप्लस, सैमसंग और टेक्नो के फोन शामिल हैं। बरामद मोबाइल को आकाश कुमार, मनीष कुमार शर्मा, जितेंद्र चौधरी, राधेश्याम यादव, प्रभाकर पाठक, मो. इमरान, विवेक कुमार गुप्ता और राजू को सौंपे गए। पुलिस की इस उपलब्धि की मोबाइल स्वामियों ने काफी सराहना की।



