जमानियां (गाजीपुर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जन्म जयंती के अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्टेशन बाजार के गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश के प्रति उनके अभूतपूर्व योगदानों को याद किया।
महात्मा गांधी जी को याद करते हुए पूर्व नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मक्खन वर्मा ने कहा कि गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक है। जिस प्रकार से उन्होंने सत्य और अहिंसा की राह पर चलकर अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन छेड़ा, वह आज भी अविस्मरणीय है। आने वाले युग युगांतर तक उनकी विचारधारा युवाओं को सदैव प्रेरणा देगा। गांधी जी के आदर्शो को अपना कर जीवन को एक नई दिशा प्रदान किया जा सकता है।
वहीं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा ने कहा कि देश को आजाद कराने में गांधी जी के योगदानों को देश सदैव याद करेगा कि किस प्रकार से उन्होंने ने नमक आंदोलन, स्वदेशी आंदोलन, भारत छोड़ो आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन, सत्याग्रह जैसे प्रमुख आंदोलन चला कर ब्रिटिश हुकूमत को भारत छोड़ने पर मजबूर कर दिया और अपने आंदोलनों से देश को आजाद कराया।
उक्त अवसर पर राजीव अरुण सिंह, देशी गुप्ता, जितेंद्र यादव, प्रमोद पांडेय, त्रिभुवन सिंह, राजकपूर चौहान, कमला यादव, अवधेश बिंद, राजेश जायसवाल, राजीव पांडेय, भगवान प्रसाद, राकेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।










