पूर्व ग्राम प्रधान के पिता की ट्रेन से कटकर हुई दर्दनाक मौत

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गड़ही गांव के सामने डाउन रेल लाइन पर शुक्रवार की दोपहर गड़ही गांव के पूर्व ग्राम प्रधान मनोज कुमार यादव के 75 वर्षीय पिता हरिचरन सिंह की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर गांव के ठीक सामने डाउनलाइन के किलोमीटर संख्या 708/8 के पास रेल पटरी पर ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का कटा हुआ शव देखा। जिसकी पहचान पूर्व ग्राम प्रधान मनोज कुमार यादव के पिता हरिचरन सिंह के रूप में हुई।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतक के परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को लेकर घर चले गए। जिसके घंटे भर बाद ही कोतवाली पुलिस रेलवे की सूचना पर मृतक के घर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली चली आई।

वहीं मृतक के पुत्र पूर्व ग्राम प्रधान मनोज कुमार यादव ने पुलिस को लिखित सूचना देकर बताया कि उनके पिता हरिचरन सिंह दोपहर करीब 12:30 गांव के सामने शौच के लिए गये थे, इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

कोतवाली के उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पांडेय ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *