संवाद सूत्र: ISHA NIYAZI जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के वायरलेस टॉवर के पास उस वक्त सनसनी फैल गई जब शनिवार की दोपहर करीब दो बजे एक छात्रा ने तेज रफ्तार ट्रेन के आगे कूद कर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार की दोपहर एक युवती स्थानीय रेलवे स्टेशन के वायरलेस टॉवर के पास मोबाइल फोन से किसी से बात करते हुए रेल लाइन के किनारे घूम रही थी। बात करने के बाद वह टॉवर के पास कुछ देर तक बैठी रही। इसी बीच दोपहर करीब दो बजे अप लाइन पर आ रही तेज रफ्तार ट्रेन नं 12391 राजगीर नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस के आगे कूद गई, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई और लोग तरह तरह की चर्चाएं करने लगे। कुछ लोग इसे प्रेम संबंधों तथा कुछ लोग इसे पारिवारिक कलह में उठाया गया कदम मान रहे थे। सूचना पर पहुंचे ऑन ड्यूटी आरपीएफ स्टाफ ने वायरलेस टॉवर के पास रेल लाइन किनारे पड़े मृत युवती का एक बैग पाया और अपने अधिकारी को सूचना देकर पहचान के लिए बैग की तलाशी ली। जिसमें से एक मोबाइल फोन, कॉपी किताब और हिंदू पीजी कॉलेज जमानियां का बीए प्रथम का परिचय पत्र प्राप्त हुआ।
परिचय पत्र के आधार पर मृत युवती की पहचान नेहा कुमारी पाल पुत्री हरिवंश पाल निवासी तियरी जमानियां के रूप में हुई। मृतका के परिचय पत्र पर लिखे मोबाइल नंबर के माध्यम से घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहरमच मच गया।

इस संबंध में जीआरपी दिलदारनगर के उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








