गंगा पुल पर चल रहे ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन की सख्ती, एक वाहन सीज, दो का हुआ चालान

गाजीपुर। जमानियां-करण्डा गंगा पुल पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर 18/19 जून 2025 की मध्य रात्रि को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम द्वारा औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान में उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, परिवहन विभाग गाजीपुर के पीटीओ, खनन अधिकारी गाजीपुर तथा स्थानीय पुलिस बल शामिल रहे। चेकिंग के दौरान दो ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन को सीज कर दिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की औचक चेकिंग जारी रहेगी और ओवरलोडिंग जैसे नियम के  उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब हो कि जमानियां करंडा गंगा पुल पर प्रतिदिन रात और दिन में दर्जनों की संख्या में ओवरलोड वाहनों का संचालन जोरों पर होता है, जिससे विगत कुछ दिन पूर्व पुल के कुछ स्थानों पर गड्ढा हो गया था और सरिया निकल कर बाहर आ गया था। पुल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी होते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया। जिसकी जांच सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर ने किया और पुल पर सब कुछ सही होने की क्लीन चिट दे दी। इसके बाद पुल पर ओवरलोड वाहनों का संचालन और भी बढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *