जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के हेतिमपुर स्थित एस. एस. देव पब्लिक स्कूल में गुरुवार को आयोजित ‘उत्कर्ष’ विज्ञान प्रदर्शनी मेला का बिहार प्रदेश के पटना जिला न्यायालय के जज रवि पांडेय ने फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत पटना के जज रवि पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती गीत व स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
विद्यालय के बच्चों की रचनात्मक और वैज्ञानिक गतिविधियों व क्षमता को निखारने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी मेले में बच्चों ने एक से बढ़ कर एक वैज्ञानिक रचनाओं जैसे ऑटोमेटिक रेल गेट क्लोजिंग सिस्टम, एग्रीकल्चर फॉर्मिंग, साइबर सेफ्टी, मानव शरीर संरचना, प्रदूषण नियंत्रण मॉडल, स्मार्ट डिजास्टर प्रूफ सिटी, ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, लेजर लाइट होम सिक्योरिटी सिस्टम, रोबोटिक, रैन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर एनर्जी सिस्टम आदि प्रकार के मॉडल बना कर सबको हैरान कर दिया। वहीं बच्चों द्वारा बनाए गए खाने पीने की वस्तुओं को खरीद कर अभिभावकों के उनका उत्साहवर्धन किया।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जज रवि पांडेय ने विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा व अन्य अतिथियों के साथ बच्चों द्वारा विभिन्न थीम पर बनाए गए वैज्ञानिक रचनाओं का बारी बारी से अवलोकन किया। इस दौरान बच्चों ने अपने द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट के विषय में मुख्य अतिथि को प्रयोगात्मक जानकारी दी, जिसे देख मुख्य अतिथि आश्चर्यचकित हो गए।
उन्होंने बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुति को देख उनकी सराहना करते हुए कहा कि निश्चित रूप से बच्चों में असीमित प्रतिभाएं छिपी होती हैं, जिन्हें अगर बेहतर मंच और कुशल निर्देशन मिले तो यही बच्ची आगे चलकर देश का नाम रौशन करते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी की प्रशंसा करते हुए कहा इस तरह के आयोजन से न केवल बच्चों में छिपी हुई रचनात्मक प्रतिभा, जिज्ञासा उजागर होती है बल्कि उन्हें कुछ नया सीखने और करने के लिए प्रेरित करती है।
इस मौके पर प्रधानाचार्या सुनीता सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं के अभिभावक, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं व विद्यालय के अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

