गाजीपुर। स्थानीय जिले में अवैध शस्त्र तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को भारी मात्रा में अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में कैथवलिया पुलिया के पास से आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध पिस्टल, तमंचे और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर की रात करीब 1:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ शस्त्र तस्कर कैथवलिया पुलिया के पास हथियारों की डिलीवरी के लिए मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल के पास मौजूद तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेरकर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतन विश्वकर्मा और रवि कुमार, निवासी भदौरा थाना गहमर, तथा अभिषेक कुमार, निवासी फुल्ली थाना दिलदारनगर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 18 पिस्टल .32 बोर, एक पिस्टल .9 एमएम, 19 देशी तमंचे .315 बोर और 18 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्र से हथियार लाकर गाजीपुर में डिलीवरी करने की बात बताई है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत, डिलीवरी लेने वाले लोगों और तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों की जांच कर रही है। मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने कहा कि अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ आगे भी निरंतर कार्रवाई की जाएगी।








