सोलर स्ट्रीट लाइट से जगमग होगा जमानियां धरम्मरपुर गंगा पुल, रात में राहगीरों को मिलेगी राहत

जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा क्षेत्र से धरम्मरपुर को जाने वाले गंगा पुल पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। जिससे रात के पहर में न सिर्फ गंगा पुल की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि आवागमन करने वाले राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।

पुल पर अंधेरा रहने के कारण रात में सफर करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब सोलर स्ट्रीट लाइट लगने से पुल का रास्ता रात में रोशन होने लगेगा। जिससे लोगों की आवाजाही पहले की अपेक्षा सुगम और आसान हो जाएगी।

यह गंगा पुल जमानियां और करंडा क्षेत्र के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। दिन के साथ-साथ रात में भी बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से गुजरते हैं। पुल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण विशेषकर रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कत होती थी। अंधेरे में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।

पुल पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने से अब रात में रास्ता स्पष्ट दिखाई देने लगेगा। इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी काफी सहूलियत मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोलर लाइट की व्यवस्था होने से पुल पर रात के समय सुरक्षा का एहसास बढ़ा है।

सोलर स्ट्रीट लाइट की खासियत यह है कि इसके लिए बिजली की नियमित आपूर्ति पर निर्भरता नहीं रहता है। ऐसे में पुल जैसे स्थान पर यह व्यवस्था काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *