तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, दोनों गंभीर रूप से घायल

जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के गंगा पुल के तिराहे के पास रविवार की शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों की मदद से घायल साइकिल सवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, करंडा थाना क्षेत्र के खिजिरपुर गांव  निवासी शिवपूजन यादव (60 वर्ष) साइकिल से गंगा पुल तिराहा होते हुए करंडा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-24 की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने पीछे से उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिवपूजन यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार युवक भी हादसे में घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल शिवपूजन यादव को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक उनके सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, हादसे में घायल बाइक सवार युवक का स्थानीय स्तर पर एक निजी अस्पताल में इलाज चलने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *