जमानियां (गाज़ीपुर)। नगर कस्बा बाजार सहित विभिन्न वार्डों में बंदरों के बढ़ते आतंक और मानव-बंदर संघर्ष पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से विशेष धर-पकड़ अभियान शुरू कराया गया है। पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता के निर्देश पर प्रशिक्षित मंकी कैचर की विशेषज्ञ टीम को बुलाकर बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत हरपुर, रेलवे स्टेशन बाजार, तहसील मुख्यालय समेत नगर के विभिन्न वार्डों और आबादी वाले क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है। विशेषज्ञ टीम पिंजरों और अन्य सुरक्षित तरीकों की मदद से बंदरों को पकड़ रही है। इसके बाद उन्हें आबादी से दूर सुरक्षित एवं प्राकृतिक संसाधन वाले क्षेत्रों में स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है।
पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि बंदरों के आतंक से नगरवासियों को राहत दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बंदरों को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से पकड़ना और मानव-बंदर संघर्ष की घटनाओं को रोकना है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका और वन विभाग के सहयोग से बंदरों के सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बंदरों की समस्या वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार अभियान को अन्य मोहल्लों तक भी बढ़ाया जाएगा। लोगों से भी अपील की गई है कि वे बंदरों को छेड़ें नहीं, उन्हें भोजन देने से बचें और उनके झुंड के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं। पालिका की ओर से बंदरों को सुरक्षित तरीके से आबादी से दूर रखने के लिए व्यावहारिक उपायों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा और समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता है। बंदरों की धर-पकड़ एवं सुरक्षित स्थानांतरण की कार्रवाई निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार जारी रहेगी।
बंदरों के आतंक से मिलेगी निजात, नगर पालिका ने चलाया अभियान




