जमानियां (गाजीपुर)। ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को नगर में जुलूस-ए-मिलाद निकाला गया। मोहल्ला कानूनगो स्थित दारुल उलूम रजाए हबीब मदरसा परिसर से निकला जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने गुलाब के फूल बरसाकर जुलूस का इस्तकबाल किया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।
जुलूस मदरसा परिसर से शुरू होकर मोहल्ला दूरहिया, पठान टोली, कस्बा बाजार और एनएच-24 होते हुए पुनः दारुल उलूम रजाए हबीब मदरसा परिसर पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ। जुलूस में शामिल लोग नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़ रहे थे। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों के बीच सिरनी के तौर पर मीठा जर्दा तकसीम किया गया। पूरे मार्ग में अकीदत और भाईचारे का माहौल बना रहा।
ईद-ए-मिलादुन्नबी को मिलाद-उन-नबी के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश को याद किया। मस्जिदों और घरों में विशेष इबादत के साथ मिलाद एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में शाही जामा मस्जिद के सेक्रेटरी मौलाना तनवीर रजा, हाफिज तौहीद रजा, जैनुलआब्दीन, अकील अजहर, रुस्तम अली, ताबिश अली, शमीम खान, माहिर कमाल अंसारी, एम. कमालुद्दीन अंसारी, हाजी नूरुद्दीन अंसारी, इरफान खान, आसीम खान उर्फ सोनू पंडित, जाहिद मंसूरी, शमीम फरीदी, महफूज आलम, बसपा कार्यकर्ता शोएब खान, रामनिवास प्रसाद, संजीत यादव समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे।
जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसडीएम निधि, क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, अनूप कुमार राय, सुधीर शुक्ला, मुकुल मिश्रा, रतन कुमार सरोज, दीपक मिश्रा, कंपनी कमांडर रविकांत सिंह, अखिलेश कुमार समेत पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस टीम जुलूस के साथ पूरे मार्ग पर मुस्तैद रही। शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।








