संत रविदास जयंती पर निकली रथ कलश यात्रा, सामाजिक समरसता का लिया संकल्प

जमानिया (गाज़ीपुर)। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से जमानिया विधानसभा क्षेत्र में रथ कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर विधिवत कलश स्थापना की गई तथा संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

रथ कलश यात्रा का शुभारंभ जमानिया दक्षिणी मंडल के ग्रामसभा देवैथा से हुआ। इसके बाद यात्रा देहूड़ी, असैचनपुर और गायघाट होते हुए बड़ेसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संदीप बिंद ने कार्यकर्ताओं के साथ की।

इसके बाद यात्रा जमानिया नगर मंडल में बरुईन मोड़ से प्रवेश कर विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंची। रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शिव मंदिर, पटखौलीया, कस्बा बाजार स्थित सतुवानी घाट शिव मंदिर तथा बलुआ घाट स्थित संत रविदास मंदिर में विधिवत कलश स्थापना की गई।

नगर मंडल के कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जमानिया के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा, महामंत्री राजू पांडेय, संतोष पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं, रथ कलश यात्रा जमानिया उत्तरी मंडल के ग्राम सभा भैदपुर से आगे बढ़ते हुए नूरपुर गोहदा पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी ने की। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री पप्पू कुशवाहा, अजय गुप्ता, निपेंद्र उपाध्याय, प्रेमसागर राजभर, भाजपा विधानसभा मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के विचारों को आत्मसात करने तथा उनके द्वारा दिए गए समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज में भेदभाव मिटाकर समानता और समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना ही संत रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *