महेश्वर नाथ मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को उमड़ा आस्था का सैलाब

जमानियां (गाजीपुर)। सावन माह के तीसरे सोमवार को जमानियां क्षेत्र के महेवा गांव स्थित प्रसिद्ध महेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालुओं ने गंगा जल, दूध, बिल्व पत्र, पुष्प, धूप-दीप, भांग और धतूरा अर्पित कर विधि-विधान से भगवान महेश्वर नाथ की पूजा-अर्चना की। मंदिर के बाहर भी मेले जैसा नजारा देखने को मिला। प्रसाद व पूजन सामग्री की दुकानों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में चहल-पहल बनी रही।

फोटो: महेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से प्रवेश, दर्शन और जलाभिषेक की व्यवस्था को व्यवस्थित रखा गया। भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रही। पुलिसकर्मी मंदिर परिसर और आसपास लगातार निगरानी करते रहे।

वहीं, समाजसेवियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शरबत की व्यवस्था की गई। गर्मी और उमस के बीच लोगों ने शरबत ग्रहण कर राहत महसूस की। मंदिर समिति, पुलिसकर्मियों और समाजसेवियों की व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया। सावन के तीसरे सोमवार पर महेश्वर नाथ मंदिर में दिनभर आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *