जमानिया (गाज़ीपुर) नाग पंचमी के पावन अवसर पर हरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं मां शक्ति परिसर में रविवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच मिलने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के तहत आयोजित लंबी कूद प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम आयु वर्ग में आलोक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग में रोहित रहीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
इसके अलावा कबड्डी प्रतियोगिता में पूरब और पश्चिम की टीमों के खिलाड़ियों ने जोरदार मुकाबला किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रियांशु उर्फ अफाति को बेस्ट कबड्डी प्लेयर के खिताब से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह, व विशिष्ट अतिथियों में समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव, नगर अध्यक्ष सद्दाम खां, जोनल प्रभारी काशी नाथ तथा भाजपा आईटी सेल के संजीत यादव शामिल रहे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं समाजसेवी दीपक सिंह यादव, सभासद शिवबचन यादव, सोनू, अमितोष, मोहित, पप्पू यादव, अनुराग सिंह, रजनीकांत यादव, जिलाध्यक्ष सांस्कृतिक प्रकोष्ठ समाजवादी पार्टी, सत्यपाल सिंह सहित हरपुर के नगरवासियों का आयोजन में विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिता के आयोजन में डिवाइन ग्लोबल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक प्रकाश यादव, हरगेनदेव जूनियर हाईस्कूल के प्रबंधक राजेश यादव तथा परशुराम बाल विद्या निकेतन स्कूल का भी विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
अंत में विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर किए जाएंगे।








