नहर में डूबने से 7 वर्षीय इकलौते पुत्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जमानियां (गाजीपुर)। जीवपुर गांव में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, जीवपुर निवासी कृष्ण कुमार उर्फ लाडो (7 वर्ष) सुबह करीब 9 बजे अपनी मां साधना देवी से खेलने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर मां ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

थक-हारकर परिजनों ने इसकी सूचना अहमदाबाद (गुजरात) में काम कर रहे उसके पिता धर्मेंद्र यादव को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नहर में तलाश शुरू की। करीब साढ़े 12 बजे बालक का शव नहर से बरामद किया गया।

मृतक अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई सत्यपाल यादव की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *