जमानियां (गाजीपुर)। सांप को रस्सी और रस्सी को सांप बना देने में माहिर पुलिस के लिए कुछ भी संभव है, कुछ इसी तरह का मामला स्थानीय कोतवाली पुलिस में भी देखने को मिल रहा है।
अभी बीते रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें देखा गया कि जमानियां से धरम्मरपुर को जाने वाला गंगा पुल के एप्रोच मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए लगाए गए हाइट गेज बैरियर को एक ट्रैक्टर चालक द्वारा ट्रैक्टर की ट्राली को उठाकर एक ट्रेलर वाहन को पास कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, दबंगों द्वारा स्थानीय प्रशासन को चुनौती देते हुए हाइट गेज बैरियर को तोड़कर नीचे गिरा दिया गया। इसके बाद लगातार पुल पर भारी वाहनों का आवागमन फिर धड़ल्ले से शुरू हो गया।
सूत्रों की माने तो खबरों की सुर्खियों में वीडियो वायरल होते देख पुलिस प्रशासन के कान खड़े हो गए और अगले ही दिन यानी सोमवार को कथित तौर पर उक्त घटना में शामिल ट्रैक्टर कोतवाली परिसर में खड़ा नजर आया। जब इस मामले में कोतवाल राम सजन नागर से पूछा गया तो उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि “कोई ट्रैक्टर वैक्टर खड़ा नहीं किया गया है और ना ही इस मामले में कोई मुकदमा या कार्रवाई की गई है, जिसने तोड़ा है वो बनवाएगा।”


कोतवाल के इस बयान के बाद अब कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि कोतवाली परिसर में वह ट्रैक्टर खड़ा किया हुआ पाया गया। जब हाइट गेज बैरियर को उठाकर तोड़ने की घटना में वह ट्रैक्टर शामिल नहीं था तो उस ट्रैक्टर को कोतवाली में क्यों खड़ा कराया गया, उन्होंने ये नहीं बताया।
गौरतलब है कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा शुक्रवार को गंगा पुल के एप्रोच मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के लिए हाइट गेज बैरियर लगाया गया था। जिसे शनिवार की शाम बालू माफिया दबंगों ने तोड़कर नीचे गिरा दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक कार्यवाही पर सवाल उठाने लगा। हालांकि दोबारा हाइट गेज बैरियर लगाने की बात की जा रही है।
सफेदपोशों के संरक्षण में दबंगों के हौसले हैं बुलंद :-
यह पहली बार की घटना नहीं है, जब बालू माफिया दबंगों द्वारा हाइट गेज बैरियर को तोड़ा गया हो, लेकिन बैरियर तोड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद बहुत से लोगों के मन में यही सवाल कौंध रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का भी कोई खौफ नहीं।
अब इसके पीछे कोई भी हो, लेकिन आमजन के बीच यही चर्चा है कि जनपद क्षेत्र के कुछ रसूखदार सफेदपोशों के संरक्षण में खुद उनके और अन्य बालू माफियाओं के अवैध धंधे फलफूल रहे हैं और उन्हीं के संरक्षण में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। इसी कारण आज बेधकड़ गंगा पुल पर भारी वाहनों का आवागमन हो रहा है।










