जमानियां (गाजीपुर)। संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रोजेक्ट अमृत ‘स्वच्छ जल-स्वच्छ मन’ के तहत क्षेत्र के बड़ेसर गंगा घाट पर रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें संस्था के दर्जनों सदस्यों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में मिशन के शाखा दिलदारनगर, नगसर, राघोपुर और जमानियां के दर्जनों महिला पुरुष सदस्यों ने सुबह 8 बजे दैत्रावीर मंदिर के पीछे गंगा घाट पहुंच कर सफाई अभियान चलाते हुए घाट की सीढ़ियों पर जमे सफेद बालू को फावड़े से हटाया तो वहीं महिला सदस्यों ने झाड़ू लेकर घाट पर फैले कूड़े कचरे को साफ किया। सफाई अभियान चलाकर उन्होंने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।

साध संगत जमानियां जोन 64 गाजीपुर के प्रबंधक कृष्णानंद साहनी ने कहा कि स्वच्छता ही जीवन का आधार है। स्वच्छ जल से ही तन, मन और जीवन स्वच्छ है। हमें अपने पवित्र नदियों, तालाबों को स्वच्छ रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिये। जिससे कि धरती पर इनका अस्तित्व बना रहे।
उक्त मौके पर गोरखनाथ, विनोद, विजय, गुलाब गुप्ता, हरिहर, राम विलास, राम व्यास, सुभाष कुशवाहा, ललित देवी, रोमा, लाली देवी, बुची देवी, आदि मौजूद रहीं।










