जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील से धरम्मरपुर जाने वाला गंगा पुल पर भारी वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए बीते 29 सितंबर को लगा हाइट गेज बैरियर पर लगा लोहे का गाडर फिर उतार दिया गया।
जमानियां -धरम्मरपुर को जोड़ने वाला गंगा पुल पर दिन और रात धड़ल्ले से ओवरलोड भारी वाहनों का परिचालन होता था। जिससे पुल के ऊपरी सतह में दरारें पड़ गई है। इसे लेकर क्षेत्र सहित करंडा क्षेत्र के लोगों ने कई बार अधिकारियों को पत्रक देकर पुल पर हाईट गेज बैरियर लगाए जाने की भी मांग की थी। जिससे पुल को क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके।
एनएचआई की पहल पर कोतवाली पुलिस ने बीते 30 सितंबर को भारी वाहनों पर लगाम लगाने के लिए गंगा पुल के एप्रोच मार्ग पर बैरियर लगा दिया था। लेकिन लगभग डेढ़ माह बाद ही हाइट गेज बैरियर के लोहे के गार्डर को हटा दिया गया जिससे पुनः भारी वाहनों का आवागमन पुल से शुरू हो गया है।
इस बारे में पूछे जाने पर एसडीएम ज्योति चौरसिया ने बताया कि जिला के उच्चाधिकारियों के आदेश पर बैरियर हटाया गया है।










