जमानियां (गाजीपुर)। नगर के नई बस्ती चांदपुर स्थित हज़रत गदा शहीद मजार और तहसील परिसर में स्थित हज़रत फूल शहीद मजार पर रविवार की रात 11वीं शरीफ के अवसर पर सालाना उर्स का आयोजन धूमधाम से किया गया। उर्स के दिन सुबह से ही जायरीनों की भीड़ मजारों पर उमड़ी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत फज्र की नमाज के बाद कुरआन ख्वानी से हुई। इसके बाद दिन में असर की नमाज के बाद चादरपोशी की रस्म अदा की गई। शाम होते ही मजार परिसर को रोशनी से सजाया गया और ईशा की नमाज के बाद मिलाद शरीफ तथा कव्वाली का आयोजन देर रात तक चलता रहा।
इस मौके पर पहुंचे अकीदतमंदों ने मजार पर हाजिरी देकर अमन, सलामती और तरक्की की दुआएं मांगीं। उर्स के मौके पर मजार कमेटी की ओर से जायरीन के लिए लंगर का विशेष इंतजाम किया गया, जिसमें हज़ारों लोगों ने भाग लिया।










