दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय पुलिस ने गुरुवार की रात रक्साहां बाईपास मेन रेलवे क्रासिंग से पहले नहर के पास से एसयूवी गाड़ी से शराब लेकर बिहार जा रहे एक तस्कर को धर दबोचा। पकड़ा गया तस्कर सुनील यादव निवासी लमुई थाना जमानियां है।
गाड़ी में कुल 48 लीटर बियर व 86.400 लीटर अंग्रेजी शराब का पाउच बरामद किया गया। शुक्रवार को अभियुक्त को न्यायलय में पेश किया गया और गाड़ी को सीज कर दिया गया। थाना निरीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि फुल्ली मार्ग से शराब तस्कर चार पहिया गाड़ी में शराब लादकर बिहार को जा रहे थे। उप निरीक्षक बालेन्द्र कुमार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि जमानियां थाना क्षेत्र से फुल्ली मार्ग से एक गाड़ी में काफी मात्रा में शराब लेकर तस्कर बिहार जा रहा है।
सूचना पर उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ रक्साहां बाईपास मेन रेलवे क्रासिंग से पहले नहर पर से तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में गाड़ी से कुल 4 पेटी किंग फिशर 96 केन (48 लीटर) व 10 पेटी में कुल 480 पाउच 8 पीएम (86.400 लीटर) बरामद हुआ। अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कारवाई की जा रही है।










