जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप लूप लाइन के किनारे शुक्रवार की सुबह एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन से दिलदारनगर जीआरपी को, अप लूप लाइन में किलोमीटर संख्या 712/3 व 712/5 के बीच एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए उसके जेब की तलाशी ली। इस दौरान उसके पैंट से एक पर्स मिला, जिसमें आधार कार्ड, एक मोबाईल फोन व समस्तीपुर जंक्शन से उधना जंक्शन का एक साधारण रेल टिकट व कुछ रुपया मिला।
मृतक के आधार कार्ड से उसकी पहचान दीपक कुमार (25) पुत्र अनिल लाल निवासी वार्ड नं 3, बिशुनपुर सोनसा जनपद समस्तीपुर बिहार के रूप में हुई। आशंका व्यक्त किया जा रहा है कि यात्रा के दौरान वह ट्रेन से गिर गया होगा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का सिर कई जगह फटा हुआ था और शरीर के कई हिस्से पर छिल जाने का निशान था।
इस संबंध में दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी जैदान सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है तथा शव के पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया है।










